फोटो 20 एमएएचपी 15 परिचय-इस निर्माणाधीन शौचालय टैंक में गिरकर डूबने से मासूम की हुई मौत। संवाद
कबरई (महोबा)। कस्बा कबरई के इंदिरानगर में बृहस्पतिवार की सुबह खेलते समय छह वर्षीय बालक पानी से भरे निर्माणाधीन टैंक में गिर गया। काफी खोजबीन करने के चार घंटे बाद मासूम का शव टैंक में उतराता मिला। इकलौते बेटे की मौत से परिजन आहत हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मोहल्ला इंदिरानगर निवासी रामजी के मकान के पास उसका निर्माणाधीन शौचालय टैंक बना है। स्लैब न होने से टैंक में बारिश का पानी भरा था। सुबह करीब दस बजे उसका बेटा वरुण (06) घर के दरवाजे पर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह टैंक के पास पहुंच गया और डूब गया। काफी देर तक जब मासूम नजर नहीं आया तो परिजन परेशान हो गए। मां रागिनी ने आसपास मोहल्ले में खोजबीन की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। दोपहर करीब दो बजे मकान के बगल में बने टैंक में वरुण का शव उतराता मिला। परिजन उसे बाहर निकालकर तत्काल सीएचसी कबरई ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मां ने बताया कि वरुण कक्षा दो में पढ़ता था। थानाध्यक्ष सत्यवेंद्र सिंह भदौरिया का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फोटो 20 एमएएचपी 15 परिचय-इस निर्माणाधीन शौचालय टैंक में गिरकर डूबने से मासूम की हुई मौत। संवाद