चरखारी (महोबा)। कोतवाली चरखारी के रिवई गांव में पुलिस चौकी के सामने एक डंपर ने सड़क से गुजर रहीं बकरियों को रौंद दिया। इससे सात बकरियों की मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने महोबा-मुस्करा मार्ग पर जाम लगाने की कोशिश की। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेते हुए कड़ी कार्रवाई का भरोसा देकर ग्रामीणों को शांत कराया।
रिवई निवासी किसान धनीराम रविवार की देर शाम खेत से बकरियां लेकर घर लौट रहा था। तभी रिवई पुलिस चौकी के पास कबरई की ओर से आ रहे डंपर ने 12 बकरियों को टक्कर मारते हुए कुचल दिया। इससे सात बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच बकरियां घायल हो गईं। ग्रामीणों के पीछा करने पर चालक डंपर छोड़कर मौके से भाग गया। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर जाम लगाने की कोशिश की। इससे करीब 15 मिनट तक आवागमन प्रभावित रहा। मौके पर पहुंचे रिवई चौकी प्रभारी अनूप कुमार पांडेय ने ग्रामीणों को मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब ग्रामीण शांत हुए पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।