लगातार तीन दिन बैंकों की छुट्टी ने नोटबंदी से उपजे हालात बद से बदतर कर दिए हैं। शहर के अधिकांश एटीएम सेंटरों में रविवार को ताले लटकते रहे। कुछ एटीएम की आधी शटर गिरी रही। पैसा न निकलने से लोग इधर उधर भटकते रहे। उनके चेहरों पर मायूसी साफ नजर आई। एसबीआई के एकमात्र एटीएम ने नोट निकाले तो लोगों की कतारें लग गईं। अमर उजाला टीम ने रविवार को शहर के करीब एक दर्जन एटीएम सेंटरों में पहुंचकर पड़ताल की। पैसे न निकलने से मायूस होकर लौटे लोगों से बात करने पर उनकी जुबां से एक ही शब्द निकला कि खाते में पैसे होने के बाद भी अब जरूरी काम के लिए दूसरे के सामने हाथ फैलाना पड़ेगा।
सीन-1
समय : 12 बजे
शहर के नरसिंह कुटी के समीप लगे एक्सिस बैंक के एटीएम का शटर खुला था। इक्का दुक्का लोग सेंटर के अंदर घुसे लेकिन एटीएम में पैसा न होने से वह लौट आए। पहले तो लोगाें ने एटीएम खुला देखा तो पैसे निकलने की उम्मीद जगी लेकिन पैसा न होने की जानकारी होने पर उनके चेहरों पर मायूसी नजर आई। पैसा निकालने आए पुनीत और रेशमा ने बताया कि उन्हें रिश्तेदारी में शादी समारोह में जाना था लेकिन पैसा न निकलने से अब किसी से उधार पैसे लेकर काम चलाना होगा।
सीन-2
12:30 बजे
ऊदल चौक में एसबीआई और एक्सिस बैंक में ताला लटकता रहा जबकि बीओई में आधी शटर बंद रही। एटीएम सेंटरों को बंद देखकर लोग दूर से ही लौट गए। एटीएम सेंटरों में पैसा निकालने पहुंचे लोगों ने नाराजगी जताई। स्वयं की कमाई के लिए भी उन्हें भटकना पड़ रहा है। यदि सरकार को नोट बंद करने थे तो उसकी पहले व्यवस्था करनी चाहिए थी। एटीएम में यदि पर्याप्त करेंसी डाल दी जाए तो इधर-उधर चक्कर लगाने से छुटकारा मिल सकता है।
सीन-3
12:45
मुख्य शहर में बैंक आफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, एचडीएफसी के एटीएम सेंटरों में भी ताले लटकते रहे। लोग तालेे देख मुंह मोड़कर जाते दिखे। एटीएम से पैसा निकालने गए नीरज ने बताया कि उसकी रिश्तेदारी में सोमवार को शादी है। पत्नी व बच्चों के साथ उसे शादी में जाना है लेकिन बैंक बंद है और एटीएम से पैसा नही निकल रहा है। दोस्तों से फोन पर नोटों की व्यवस्था करने की बात कही है। यदि शाम तक पैसे मिलते है तो वह शादी समारोह में जाएंगे नही तो जाना कैंसल होगा।
सीन-4
समय 1:10 बजे।
शहर के परमानंद चौराहा स्थित एसबीआई की मुख्य ब्रांच का एटीएम खुला रहा। एटीएम के बाहर लोगाें की लंबी लाइन लगी रही। तीखी धूप के बीच लोग अपनी बारी का इंतजार करते रहे। लाइन में लगे रामदयाल, प्रमोद, अविनाश आदि ने बताया कि बैंकों की तीन दिन लगातार छुट्टी ने मुसीबत बढ़ा दी है। लोगों से उधार लिए गए पैसे भी वापस करना है लेकिन एटीएम से स्वयं की जरूरत के पैसे भी नही निकाल पा रहे है। तमाम जरूरी काम अटके पड़े हैं।