-प्रोजेक्ट प्रवीण के तहत विद्यालयों के संसाधनों का कराया जाएगा सर्वे
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। माध्यमिक शिक्षा के स्तर पर भी विद्यार्थियों को कौशल प्रशिक्षण देने और रोजगारोन्मुख बनाने के प्रयासों के विस्तार के लिए प्रोजेक्ट प्रवीण का दायरा बढ़ाया जाएगा। उन राजकीय व अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में भी अब कौशल प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। जहां अभी तक किसी भी व्यावसायिक शिक्षा योजना का लाभ नहीं पहुंचा है। इन विद्यालयों में कक्षाएं, बिजली, उपकरण समेत आधारभूत सुविधाओं का सर्वे कर कौशल विकास मिशन के सहयोग से प्रशिक्षण शुरू कराया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इसको लेकर निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत इन विद्यालयों में आवश्यक संसाधनों और सुविधाओं का सर्वे होगा। उसकी रिपोर्ट के आधार पर चरणबद्ध तरीके से कौशल प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा, ताकि छात्रों को पढ़ाई के साथ रोजगारपरक शिक्षा भी मिल सके। योजना के क्रियान्वयन के लिए ऐसे विद्यालयों की सूची यू-डायस कोड व छात्र संख्या के साथ तैयार कर कौशल विकास मिशन के निदेशक को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद चयनित विद्यालयों में माध्यमिक शिक्षा विभाग और कौशल विकास मिशन की ओर से जारी संयुक्त निर्देशों के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। ताकि, विद्यार्थियों को रोजगारपरक शिक्षा मिल सके।