रिवई में दिन दहाड़े शराब की दुकान में हुई लूट की वारदात को ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए फेल कर दिया। सेल्समैन पर तमंचा अड़ा कर नगदी लुटने में जुटे बदमाशों को शोरगुल सुनकर पहुंचें ग्रामीणों ने खदेड़ लिया। हवाई फायरिंग कर भाग रहे बदमाशों को ग्रामीणों ने पकड़ कर पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। कोतवाल ने ग्रामीणों को 1500 रुपए का पुरस्कार देकर उत्साह बढ़ाया है।
चरखारी कोतवाली के ग्राम रिवई में स्थित शराब की दुकान में सेल्समैन अरविंद बैठा हुआ था, इसी बीच बाइक से पहुंचे दो लोगों ने तमंचा अड़ाकर दुकान में घुसते हुए नगदी लूटने की कोशिश की। सेल्स मैन कुछ समझ पाता उन्होंने रुपये समेटते हुए मारपीट शुरू कर दी। सेल्समैन के चिल्लाने पर पड़ोस के लोग दौड़कर पहुंचे। ग्रामीणों को आते देख बदमाश तमंचा लहराते हुए हवाई फायरिंग कर बाइक में सवार होने लगे। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए दौड़कर उन्हें पकड़ लिया और तमंचा भी छीन लिया। ग्रामीणों ने दोनों बदमाशों की जमकर पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। पकड़े गए बदमाशों में इंद्रपाल और चंद्रशेखर निवासी पहाड़ी थाना मुस्करा जनपद हमीरपुर को तमंचे के साथ पकड़ कर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। चरखारी कोतवाली प्रभारी विवेकानंद तिवारी ने साहस दिखाने वाले ग्रामीण ब्रजेंद्र और सुरेंद्र को पंद्रह सौ रुपये देकर पुरस्कृत किया।