महोबा। जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले 13 अधिकारियों के वेतन आहरण पर डीएम गजल भारद्वाज ने रोक लगा दी है। समीक्षा के दौरान आईजीआरएस व जनता दर्शन के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों के समाधान में मनमानी मिलने पर कार्रवाई की गई।
जिलाधिकारी ने बुधवार को अधिकारियों के साथ जुलाई की रैंकिंग व अगस्त की पाक्षिक बैठक कर समीक्षा की। रैंकिंग के निर्धारित 11 मूल्यांकन बिंदुओं पर जानकारी ली। ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर पुष्पेंद्र निरंजन ने सभी विभागों की प्रगति बताई। शिकायतकर्ता से संपर्क न करने और असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर 25 अगस्त तक सुधार के निर्देश दिए। जुलाई में खराब प्रदर्शन करने वाले जिला कृषि अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला युवा कल्याण अधिकारी, एक्सईएन जल निगम ग्रामीण समेत 13 अधिकारियों के वेतन पर रोक लगाई। कहा कि स्थलीय निरीक्षण कर गवाहों के हस्ताक्षर, फोटोग्राफ समेत आख्या पोर्टल पर अपलोड की जाए।