महोबा। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में वृद्ध समेत नौ लोग घायल हो गए। घायलों को राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों केे सिर पर गंभीर चोटें आईं।
मोहल्ला नैकानापुरा निवासी ओमप्रकाश वर्मा (35) सोमवार को कस्बा कुलपहाड़ से अपने साढ़ू की बेटी की शादी में शामिल होकर बाइक से वापस घर लौट रहा था। उसकी बाइक श्रीनगर-बेलाताल मार्ग पर सामने से आ रहे साइकिल सवार धर्मदास (60) से भिड़ गई। दुर्घटना में दोनों घायल हो गए। इनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधरख् बरा श्रीनगर निवासी मदन (17), बजरंग चौक निवासी राकेश (18), हरद्वार लवकुश नगर निवासी प्रमोद कुशवाहा (27), शेखूनगर निवासी मुस्कान (26) व बरातपहाड़ी निवासी खेमचंद्र (35) अलग-अलग सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पनवाड़ी संवाद के अनुसार बुड़ेरा मार्ग पर बाइक फिसलने से परमसुख निवासी देवगनपुरा और रविंद्र निवासी खगर्रा घायल हो गए। दोनों युवक बाइक से बुड़ेरा गांव से पनवाड़ी वापस लौट रहे थे। घायलों को सीएचसी पनवाड़ी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।