महोबा। सूपा-चरखारी मार्ग पर बाइकों की सीधी भिड़ंत में दो लोग घायल हो गए। दोनों की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया। इसी तरह अन्य सड़क दुर्घटनाओं में पिता-पुत्र समेत आठ लोग घायल हुए हैं। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं हैं।
थाना श्रीनगर के ज्योरइया निवासी स्वामीदीन पाल (70) चंदौली गांव से रिश्तेदारी में निमंत्रण करके मोपेड से घर लौट रहा था। तभी सूपा-चरखारी मार्ग स्थित पेट्रोलपंप पर सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। जिससे दूसरी बाइक सवार उदयभान सिंह (43) निवासी कैमाहा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे होमगार्ड सुरेश सिंह ने एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी चरखारी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेजा। डाक्टरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया।
इसी तरह जनपद छतरपुर के थाना प्रकाश बम्हौरी के घटेहरी गांव निवासी छोटेलाल साहू (56) अपने भाई मूलचंद्र (54) व पुत्र रामबाबू (26) के साथ शनिवार को किसी कार्य से बाइक से महोबा आ रहे थे। तभी रास्ते में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे तीनों घायल हो गए। वहीं पसवारा निवासी उमा (11), महोबकंठ निवासी राजेंद्र (45), टिकरी बारीगढ़ निवासी कुुवेर सिंह (16), सूपा निवासी हरीशचंद्र (45) व मुढ़ारी निवासी मनोज (18) सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए हैं। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।