महोत्सव में राई नृत्य पेश करते कलाकार
- फोटो : अमर उजाला
हिंदू युवा वाहिनी के तत्वावधान में चल रहे दो दिवसीय बुंदेली महोत्सव का रविवार को समापन हो गए। इस दौरान बुंदेलखंड की विभिन्न विधाओं के कलाकारों ने प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया। बुंदेली लोक विधाओं के कलाकारों को सम्मानित किया गया।
कृष्णा अमृत कल्याण मंडपम में चल रहे बुंदेली महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित मालती विश्वकर्मा ने सरस्वती वंदना के साथ की। इसके बाद संगीताचार्य जगप्रसाद तिवारी ने झूला गीत व सावन गीत प्रस्तुत किए। उन्हाेंने तबले से रेलगाड़ी की आवाज निकालकर मन मोह लिया। बच्चा सिंह, चरण सिंह, उमाशंकर आदि ने वीर रस से ओतप्रोत आल्हा गाकर लोगों का मनोरंजन किया।
लखनलाल लोकनृत्य पार्टी के कलाकारों ने राई नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दी। इस मौके पर बुंदेली लोक विधाओं से जुड़े आधा दर्जन कलाकाराें को सम्मानित किया गया। बुंदेलखंड भर से आए हिंदू युवा वाहिनी के सैकड़ों पदाधिकारी मौजूद रहे। वक्ताओं ने बुंदेलखंड के विकास और विलुप्त हो रही बुंदेली लोक कलाओं को जीवंत रखने के लिए सभी से आगे आने का आह्वान किया।