प्रेस कान्फ्रेंस में बोलते शिवपाल सिंह यादव।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महोबा का क्रशर उद्योग बर्बाद हो गया है। इसका मुद्दा हम विधान सभा में उठाएंगे। हमारी सरकार थी तब 400 क्रशर संचालित थे, अब सरकार की गलत नीतियों से सिमट कर 70 रह गए हैं। हमारी सरकार बनी तो नीतियां बदलकर उद्योग को उबारने का काम करेंगे।
बुधवार को शहर के छतरपुर रोड पर स्थित एक होटल में शिवपाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की शुरुआत बुंदेलखंड के महोबा में वीरों की भूमि आल्हा ऊदल की नगरी को नमन करते हुए की। कहा कि पानी की समस्या को देखते हुए हमने बुंदेलखंड में सबसे ज्यादा तालाब खुदवाएं, 13 डैम भी बनवाए थे, ताकि जल संरक्षण किया जाए। बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर कहा कि उत्तर प्रदेश को बंटने नहीं देंगे। अलग राज्य बनने से राजस्व कम हो जाएगा। सपा से गठबंधन को लेकर सवाल पर कहा कि समान विचारधारा के लोगों को एक साथ लाकर भाजपा को हराएंगे।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में लोगों को सिर्फ सात घंटे बिजली मिल रही है, जबकि सरकार ने 24 घंटे देने का वादा किया था। कालाधन, भ्रष्टाचार और दो करोड़ नौकरी के नाम पर बीजेपी ने छलने का काम किया है। ब्यूरोक्रेसी मनमानी पर उतारू है, कानून व्यवस्था चौपट है। इस सरकार में आईपीएस भई भगोड़ा हो गया जिसे सरकार पकड़ नहीं पा रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिवपाल ने कहा कि चौधरी छत्रपाल पर झूठे मुकदमे लगाए गए। उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया। पत्रकारों ने पूछा महोबा से किसे प्रत्याशी बनाएंगे तो उन्होंने मुस्कराते कहा कि चौधरी छत्रपाल सिंह यादव को प्रत्याशी बनाएंगे। इस दौरान राष्ट्रीय महासचिव आदित्य यादव, प्रदेश अध्यक्ष सुंदर लाल लोधी, महासचिव रामनरेश मिनी आदि मौजूद रहे।