महोबा। शहर के आल्हा चौक के पास स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में एक युवक का डेबिट कार्ड बदलकर उसके खाते से 37 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित का आरोप है कि वहां तैनात गार्ड ने मदद के नाम पर उसका डेबिट कार्ड लिया था और उसके खाते से उसने ही रुपये निकाले। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गार्ड के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
मध्यप्रदेश के जनपद कटनी के जोवीकला गांव निवासी सुरजीत सिंह राजपूत ने सोमवार को कोतवाली में तहरीर दी। इसमें बताया कि वह 26 मार्च को महोबा काम से आया था। दोपहर दो बजे वह रुपये निकालने आल्हा चौक स्थित बीओबी के एटीएम पर पहुंचा। डेबिट कार्ड से रुपये निकालने के दौरान वहां मौजूद गार्ड लेखराम ने उसका पिन नंबर देख लिया। किसी कारण जब रुपये नहीं निकले तो लेखराम ने कहा कि वह एटीएम का गार्ड है और वह मदद कर सकता है। सुरजीत ने अपना डेबिट कार्ड दे दिया। आरोप है कि इसी दौरान लेखराम ने एटीएम कार्ड बदलकर उसे दूसरा एटीएम दे दिया और कहा कि रुपये दूसरी जगह से निकालो। यह सुनकर वह दूसरे एटीएम पर गया तो वहां भी रुपया नहीं निकला। बाद में उसे पता चला कि उसके खाते से 37 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। कोतवाली प्रभारी मनीष कुमार पांडेय ने बताया कि जांच के बाद डहर्रा गांव निवासी लेखराम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।