पुराने नोट जमा कराने के लिए एेसे उमड़ रहे हैं लोग।
- फोटो : प्रतीकात्मक फोटो
बैंक से पैसे न निकल पाने पर लीवर की बीमारी से पीड़ित एक रोडवेज चालक की इलाज न मिलने के कारण जिला अस्पताल में मौत हो गई। मृतक के बेटे की सूचना पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शहर के मोहल्ला सुभाषनगर निवास रघुराज सिंह (50) पुत्र धर्मसिंह रोडवेज चालक था। कुछ माह पहले लीवर खराब होने के कारण उसका इलाज ग्वालियर मध्यप्रदेश में चल रहा था। जिसके लिए हर माह उसे ग्वालियर चेकअप कराने जाना पड़ता था। इस माह 12 नवंबर को ग्वालियर चेकअप कराने जाना था
लेकिन अचानक नोटों की बंदी होने पर वह आठ नवंबर से बराबर बैंक में नए नोट लेने के लिए लाइन पर लग रहा था लेकिन दो बार तो नंबर आने से पहले ही बैंक में पैसे खत्म हो गए। एक बार मेें उसे चार हजार रुपये मिले जो नाकाफी थे। बुधवार को रघुराज की हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन डाक्टरों ने बाहर ले जाने की सलाह दी।
मृतक के बेटे अवधेश ने बताया कि लीवर का इलाज ग्वालियर में चल रहा था लेकिन पैसे का इंतजाम न हो पाने के कारण पिता की गुरुवार की शाम को मौत हो गई। मृतक के बेटे ने पिता की मौत के लिए अव्यवस्था को जिम्मेदार बताकर पुलिस को सूचना दी है।