कानपुर छतरपुर चलने वाली रोडवेज बस में बदमाशों ने परिचालक का पैसों से भरा बैग लूटने की कोशिश में बस में धावा बोल दिया। पर, यात्रियों की सूझ से लूट होने से बच गई। चालक परिचालक से मारपीट कर बैग लेकर भागने का प्रयास कर रहे बदमाशों को कुछ यात्रियों ने धक्का देकर गेट पर धकेल दिया, तभी चालक ने बस आगे बढ़ा दी। इससे बड़ी घटना टल गई।
सोमवार की रात कानपुर से छतरपुर जा रही एमपी रोडवेज की अनुबंधित बस रात 9:30 बजे ग्राम सूरा चौकी के पास आई। तभी तीन बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक करके बस को रोक लिया। चालक ने यात्री समझकर जैसे ही बस रोकी, बदमाशों ने चालक परिचालक पर तमंचों की बट और लाठी डंडों से हमला कर दिया। यह घटना देख यात्री बुरी तरह सहम गए। बच्चे
रोने पीटने लगे। एक बदमाश नीचे उतर गया और दूसरा परिचालक का बैग छीनने लगा। तभी कुछ यात्रियों ने उसे धक्का दे दिया। इसी बीच चालक ने बस बढ़ा दी। जिससे घटना टल गई। परिचालक ढपलानापुरा निवासी मुशीर अहमद ने थाना श्रीनगर में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने जगह जगह तलाश की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका।