चरखारी (महोबा)। पाइपलाइन डालने के नाम पर खोदी गई गलियों व सड़कों को दुरुस्त न कराए जाने से दुकानदार और व्यापारी भड़क गए हैं। नगर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने शनिवार को एसडीएम धीरेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपा। 19 जनवरी तक समस्या का समाधान न होने पर दुकानें बंदकर आंदोलन की चेतावनी दी है।
नगर उद्योग व्यापार मंडल चरखारी के अध्यक्ष आनंद स्वरूप दमेले, महामंत्री रामबाबू गुप्ता, कोषाध्यक्ष अनिल सोनी, रामजी सोनी, गुलशेर मोहम्मद आदि ने एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में बताया कि हर घर नल योजना के तहत नगर व मुख्य बाजार में तीन साल से पाइपलाइन डालने का काम चल रहा है। कार्य बेहद धीमी गति से किया जा रहा है। पाइपलाइन डालने के नाम पर गलियों को खोद दिया गया। इससे आए दिन बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे चुटहिल हो रहे हैं। इससे मुख्य बाजार में दिन भर धूल उड़ती है। दुकानदारों व व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों में बैठने में दिक्कत हो रही है। पाइपलाइन डालने के बाद आज तक सड़कों को दुरुस्त नहीं कराया गया। यदि 24 घंटे के अंदर कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलता तो सोमवार से व्यापारी अपने प्रतिष्ठान बंद कर आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।