महोबा। विकासखंड कबरई की ग्राम पंचायत पचपहरा में कोरोना वैक्सीनेशन के दौरान अनुसूचित जाति की महिला प्रधान व उनके परिजनों से मारपीट में तीन लोगों के खिलाफ मारपीट व एससीएसटी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी मारपीट का आरोप लगाते हुए प्रधानपति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
मंगलवार को पंचायत भवन पचपहरा में वैक्सीनेशन कराया जा रहा था। तभी सीधे कक्ष में जाकर टीका लगवाने का कुछ लोगों ने विरोध किया। जिस पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया। जिसके बाद गांव की एससी महिला प्रधान ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान कुछ लोगों ने उनके खिलाफ अपना प्रत्याशी खड़ा किया था। उसके हार जाने से रंजिश मानने लगे। मंगलवार को टीकाकरण के दौरान दबंगों ने मारपीट कर दी। पति विजयपाल वर्मा, देवर व सास को भी पीटा। उसके हाथों की चूड़ियां भी टूट गई। जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया।
पुलिस ने आरोपी धीरज, हरेंद्र व महेंद्र के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज व एससीएसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं दूसरे पक्ष के धीरज ने प्रधान के पति विजयपाल वर्मा, रामप्रकाश, धरमपाल व दीपक के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज व धमकी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ सिटी रामप्रवेश राय का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मामला दर्ज कराया गया है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।