-महोबा-खजुराहो ट्रैक पर अब और सुगम होगा ट्रेनों का परिचालन
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। खजुराहो-महोबा रेलवे ट्रैक स्थित राजनगर को नए ब्लॉक स्टेशन के रूप में विकसित किया गया है। साथ ही रेलवे स्टेशन राजनगर पर इलेक्ट्रोनिक इंटरलॉकिंग प्रणाली समेत आधुनिक सिंग्नलिंग व संचार सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे ट्रेनों का परिचालन अब और भी सुगम होगा।
रेल मंडल झांसी के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि राजनगर स्टेशन पर सफलतापूर्वक कमीशनिंग का काम किया गया। इसके तहत खजुराहो-सिंहपुर डुमरा के बीच लंबे ब्लॉक सेक्शन को विभाजित करते हुए राजनगर को नए ब्लॉक स्टेशन के रूप में विकसित किया गया। इससे खजुराहो-राजनगर व राजनगर-सिंहपुर डुमरा रेलखंड में ट्रेन परिचालन को अधिक व्यवस्थित और सुगम बनाने में सहायता मिलेगी। राजनगर स्टेशन पर 43 रूट, 14 मुख्य सिग्नल, दो कॉलिंग-ऑन सिग्नल, आठ शंट सिग्नल, चार जंक्शन टाइप रूट इंडिकेटर, 20 ट्रैक सर्किट, 11 प्वाइंट मशीनें आदि स्थापित की गई हैं। साथ ही आधुनिक सुरक्षा व संचार सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। पूर्व में श्रेणी-डी के स्टेशन के रूप में संचालित राजनगर स्टेशन को अब श्रेणी-बी के रूप में विकसित किया गया है। स्टेशन के विकास कार्य में कुल 28.77 करोड़ की लागत आई है। स्टेशन पर दो हाई लेवल प्लेटफार्म बनाए गए हैं। जिसमें प्लेटफार्म एक की लंबाई 570 मीटर और प्लेटफार्म दो की लंबाई 595 मीटर है।