नवागत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मसूद अख्तर अंसारी ने बुधवार को बीएसए कार्यालय में विधिवत कार्यभार ग्रहण करने के बाद कहा कि प्राइमरी शिक्षा में बेहतर सुधार और शिक्षण कार्य में गुणवत्ता लाने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा। बीएसए ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि शिक्षण कार्य में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने
कहा कि सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को समय से विद्यालय का निरीक्षण करने और शिक्षण कार्य को गुणवत्ता परख बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी टीचरों को नियमित समय से विद्यालय जाकर शिक्षण कार्य कराने को भी कहा है। जिन विद्यालयों में शिक्षा में गुणवत्ता नहीं पाई गई ऐसे विद्यालयों के टीचरों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। जिला शिक्षा एवं
प्रशिक्षण संस्थान फैजाबाद में वरिष्ठ प्रवक्ता के पद पर तैनात मसूद अख्तर अंसारी ने बुधवार को बीएसए पद पर कार्यभार ग्रहण कर कार्यालय में सारा दिन बैठकर लंबित पड़े कार्यों को निपटाया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से बीएसए कार्यालय में दो गार्डो की ड्यूटी लगाने की भी डीएम से मांग की है। साथ ही किसी भी व्यक्ति या टीचर को बीएसए कार्यालय में अंदर मोबाइल लेकर आने पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि एक के बाद एक व्यक्ति कार्यालय में मिलने आ सकेगा।