महोबा। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन उपस्थिति लेने वाले स्कूलों को केंद्र निर्धारण में प्राथमिकता दी जाएगी। बोर्ड की ओर से राजकीय, सहायता प्राप्त व वित्तविहीन स्कूलों में ऑनलाइन हाजिरी को अनिवार्य किया है।
इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद के निदेशक महेंद्र देव ने निर्देश जारी किए हैं। पिछले सालों में विभिन्न मानकों जैसे विद्यालय की श्रेणी, परीक्षा परिणाम, स्कूलों में उपलब्ध संसाधन के आधार पर स्कूलों की मेरिट बनाते हुए केंद्र निर्धारण किया जाता रहा है। इस साल उन मानकों में ऑनलाइन उपस्थिति लेने वाले स्कूलों को भी कुछ अंक मिलेंगे। इससे उन्हें केंद्र निर्धारण में वरीयता दी जाएगी।
जिले में 15 राजकीय इंटर कॉलेज व 34 राजकीय हाईस्कूल संचालित हैं। बोर्ड के निर्देशों से विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को अवगत कराया गया है। हालांकि, परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के पहले सूची जारी कर आपत्तियां मांगी जाएंगी। इसके बाद आपत्तियों का निस्तारण कराने के बाद बोर्ड परीक्षा के लिए केंद्रों की अंतिम सूची जारी होगी।