सीओ लाइंस गुरुदयाल कटियार ने कहा कि युवाओं को पुलिस का खौफ अपने दिमाग से निकाल देना चाहिए। क्योंकि सज्जन व्यक्ति के साथ पुलिस कुछ नहीं कर सकती।
सीओ मंगलवार को अमर उजाला के तत्वावधान में सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित पुलिस पाठशाला कार्यक्रम के मौके पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर तत्काल 100 नंबर डायल करें। पुलिस हाजिर हो जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस स्टाफ की भारी कमी से कभी-कभी दिक्कत हो जाती है।
लेकिन इसमें निराश होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा 100 के स्थान पर 30-30 सिपाहियों से काम चलाया जा रहा है। जब भी कोई युवक-युवती बाहर जाए या बाहर से घर लौटते समय टेंपो पर बैठे तो तत्काल परिजनों को फोन करके सफर करने वाले टेंपो का नंबर बता दे। इससे कोई घटना नहीं घटेगी।
सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य विपिन बिहारी द्विवेदी ने कहा कि अमर उजाला द्वारा समय-समय पर तमाम कार्यक्र म आयोजित कर लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। पिछले साल इसी विद्यालय में अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा कराई गई थी। जिसका तमाम छात्रों को लाभ मिला।
उन्होंने कहा कि वह छात्रों को हेलमेट लगाकर वाहन चलाने की सलाह देते हैं। अधिवक्ता दुर्गा प्रसाद लोधी ने कहा कि युवाओं को कानून की जानकारी जरूरी है। यदि वह कानून के जानकार हैं, तो पुलिस अनर्गल परेशान नहीं कर सकती। कहा कि कानून के प्रति नैतिकता सुगमता होती है।
प्रो. एलसी अनुरागी ने कहा कि जीवन बचाने के लिए हेलमेट लगाना बहुत जरूरी है। पूर्व प्रधानाचार्य शिवकुमार गोस्वामी ने कहा कि राष्ट्र के सच्चे युवा बनने के लिए विवेकानंद के आदर्शों को ग्रहण करें। इस मौके पर विद्यालय के छात्र छात्राएं मौजूद रहीं। विद्यालय के टीचरों ने सहयोग किया। इससे पूर्व प्रधानाचार्य और मुख्य अतिथि सीओ लाइंस ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम का संचालन पं. जगप्रसाद तिवारी ने किया।