आदिवासी महिला उत्थान ग्रामोद्योग सेवा संस्थान (गुलाबी गैंग) ने शुक्रवार को गरीबों के राशनकार्ड बनाए जाने और कोटेदारों द्वारा खाद्यान्न वितरण में घटतौली किए जाने के विरोध में रैली निकालकर प्रदर्शन किया। समिति की जिला कमांडर के साथ एक सैकड़ा महिलाओं ने थाने का घेराव कर किया साथ ही उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निस्तारण की मांग की।
रैली को संबोधित करते हुए गुलाबी गैंग की जिला कमांडर फरीदा बेगम ने कहा कि जिले में तमाम लोगों के राशनकार्ड नहीं बने और जिनके सरकार द्वारा राशनकार्ड बन गए हैं उनको अभी तक नहीं मिले, जिससे गरीब वर्ग के लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कोटेदार मिट्टी का तेल और खाद्यान्न सामग्री में घटतौली कर रहे हैं, इससे गरीबों को पूरा राशन नही मिल रहा है। उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के कोटेदार राशनकार्ड धारकों को राशन न देकर ब्लैक कर रहे है और प्रशासन खामोशी अख्तियार किए है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण कोटेदार अपने अपने घरों से कोटे का संचालन कर रहे हैं, इस मौके पर गुलाबी गैंग की तमाम महिलाओं ने विचार व्यक्त किए। जिला कमांडर के नेतृत्व में गुलाबी वस्त्र और हाथों में लाठी लिए एक सैकड़ा महिलाओं ने रैली निकाली और प्रशासन के खिलाफ सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। इसके बाद कोतवाली का महिलाओं ने घेराव किया और जमकर नारेबाजी की। बाद में उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
बम्हौरीकला में कोटेदार द्वारा राशन सामग्री में घटतौली की जा रही, कोटेदार को बदला जाए। गरीबों के राशनकार्ड बनवाकर उन्हें खाद्यान्न दिलाया जाए। जिला कमांडर ने बताया कि 15 दिन के अंदर समस्याओं का समाधान न किया गया तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।