मुख्यमंत्री अखिलेश यादव घोषणा करते।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को घोषणाओं की झड़ी लगा दी। बुंदेलखंड में गरीबों को शत प्रतिशत समाजवादी पेंशन के साथ राशन की दुकानों से खाद्य सुरक्षा के कार्ड धारकों मुफ्त खाद्यान्न भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड को हरा भरा करने के लिए 120 करोड़ रुपये की लागत से 100 तालाबों की खुदाई कराई जा रही है। इससे जल संचयन होने के साथ सिंचाई में दिक्कत नहीं आएगी।
मुख्यमंत्री 9 बजकर 40 मिनट पर चरखारी पहुंचे। हैलीपैड से सीधे वह मेला ग्राउंड में लगी प्रदर्शनी देखने पहुंचे। इसके बाद मलखान सागर तालाब की खुदाई का जायजा लिया और रपट तालाब के एक प्राचीन कुएं में लगाए गए सोलर पंप का बटन दबाकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस कुएं के पानी से चरखारी वासियों को भरपूर पानी मिलेगा। इस मौके पर उन्होंने कहा कि 15 जून तक सभी तालाबों की खुदाई पूरी कराने के निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए गए है।
प्रदेश में 32 हजार तालाबों की खुदाई कराई जा रही है। बुंदेलखंड में 100 तालाबों की खुदाई का काम चालू है। जिसमें से आठ तालाब सिर्फ चरखारी नगर के है। इनमें सात तालाबों की खुदाई हो चुकी है। अगर बारिश नहीं हुई तो अर्जुन नहर से लिपट कैनाल से यहां के तालाबों को भरा जाएगा। सीएम ने कहा कि अर्जुन सहायक परियोजना में केंद्र सरकार ने दो साल से दो रुपये नहीं दिए हैं। जिससे अर्जुन सहायक परियोजना का काम अधर लटक गया था।
इसके बाद अर्जुन परियोजना के लिए 60 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। जिससे इस साल अर्जुन सहायक परियोजना पूरी हो जाए। उन्होंने बताया कि अर्जुन सहायक परियोजना में केंद्र्र सरकार को 70 और प्रदेश सरकार को 30 फीसदी धनराशि देनी थी। उन्होंने कहा कि तालाब खुदाई कराकर एक तरफ इंसानों और पशुओं के लिए पानी की व्यवस्था की है। वहीं दूसरी तरफ गरीबों को मुफ्त भोजन का इंतजाम भी किया है।
अब राशन की दुकानों पर सितंबर तक खाद्य सुरक्षा के तहत सभी कार्ड धारकों को प्रति यूनिट पांच किलो गेहूं, चावल मुफ्त में दिया जाएगा और गरीबों को सौ प्रतिशत पेंशन देने का भी इंतजाम किया है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में कुछ दल के नेता खाली ट्रेन भेजकर राजनीति कर रहे है। उन्होंने कहा कि खेतों तक पानी कैसे पहुंचे सरकार उस पर काम कर रही है। बुंदेलखंड में तालाब खुदाई का काम चलता रहेगा। जिससे तालाबों को अतिक्रमण से बचाया जा सके।
प्रदेश सरकार ने एक दिन में 15 लाख पौधे लगाकर गिनीज बुक में नाम दर्ज कराया है। अब एक दिन में पांच करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। उनके साथ प्रमुख सचिव सिंचाई दीपक सिंघल, पूर्व सांसद एवं प्रदेश के महाधिवक्ता विजय बहादुर सिंह भी रहे।