फोटो 26 एमएएचपी 04 परिचय-समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर रिक्रूट आरक्षी को पुरस्कृत करते ड
महोबा। शहर के पुलिस लाइन में करीब 11 माह से प्रशिक्षण ले रहे 246 रिक्रूट आरक्षियों का दीक्षांत परेड समारोह रविवार को आयोजित हुआ। इसमें रिक्रूट आरक्षियों ने आकर्षक, सुसंगठित और अनुशासित परेड का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य अतिथि डीएम गजल भारद्वाज ने परेड की सलामी लेकर रिक्रूट आरक्षियों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह का शुभारंभ परेड कमांडर की ओर से टोलियों को परेड स्थल पर लाने के साथ हुआ। इसके बाद एसपी शशांक सिंह वहां पहुंचे। डीएम ने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी आरक्षियों ने राजधानी लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा।
मुख्यमंत्री ने सभी आरक्षियों को संवेदनशील और अपराध के प्रति सख्त रहते हुए जनसेवा के प्रति समर्पण के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया। डीएम ने प्रशिक्षण के दौरान इनडोर विषयों में सबसे अधिक अंक लाने वाले प्रशिक्षु आरक्षी राम आशीष, आउटडोर विषयों में सबसे अधिक नंबर लाने वाले प्रशिक्षु आरक्षी मदनेश मिश्रा और इन व आउट दोनों विषयों में सबसे बेहतर अंक लाने वाले प्रशिक्षु आरक्षी सतीश मिश्रा को पुरस्कृत किया।
एसपी ने रिक्रूट आरक्षियों को राष्ट्रसेवा, संविधान के प्रति निष्ठा, जनसुरक्षा, कर्तव्य पालन, पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। अंत में एसपी ने डीएम को स्मृति चिह्न भेंट किया।