महोबा। कस्बा खन्ना से पैदल घर जा रहे पेंटर की तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस घटना को अंजाम देने वाले वाहन व उसके चालक की तलाश कर रही है।
थाना खन्ना के चिचारा निवासी राजू अहिरवार (32) पेंटिंग का काम करता था। शुक्रवार को वह किसी काम से पैदल कस्बा खन्ना गया था। देर रात घर वापस लौटते समय ग्योड़ी मोड़ के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाते हुए शिनाख्त के प्रयास तेज किए। शनिवार को अस्पताल पहुंचे मृतक के भाई राजेश ने बताया कि बड़ा भाई राजू अविवाहित था। घटना से नेत्रहीन पिता रामबिहारी, मां फूलकली, सबसे छोटे भाई रीतेश और बहन रेशू का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
थानाध्यक्ष गोपालचंद्र कनौजिया का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दुर्घटना को अंजाम देने वाले चालक की तलाश की जा रही है।