श्रीनगर (महोबा)। सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक जुलाई से स्कूल खोलने के निर्देश दिए। तब भी विकासखंड कबरई में कुछ स्कूल देर से खुले, जबकि पूर्व माध्यमिक विद्यालय अतरारमाफ में ताला लटका रहा। स्कूल न खुलने पर ग्रामीणों ने इसकी शिकायत की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी क्षमा पांडेय को जांच के आदेश दिए हैं।
करीब चार माह बाद स्कूल खुलने थे, लेकिन पूर्व मा. विद्यालय अतरारमाफ की प्रधानाध्यापक मीना ने स्कूल नहीं खोला। इससे विद्यालय के इक्का-दुक्का शिक्षक भी लौट गए। शासन के आदेश पर बीएसए महेश प्रताप सिंह ने एक जुलाई से विद्यालय खोलने के आदेश भी जारी कर दिए हैं। इसमें शिक्षकों को विद्यालय खोलकर डाक तैयार करने के साथ अन्य विद्यालय के कार्य करने थे। बीएसए के आदेश पर प्रधानाध्यापकों ने विद्यालय सुबह से ही खोलकर अपने स्कूल के कामकाज निबटाए, जबकि पूर्व मा. विद्यालय अतरारमाफ में सुबह से ही ताला लटका रहा। बीएसए ने कहा जांच में दोषी मिलने पर प्रधानाध्यापक पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।