महोबा/अजनर। अलग-अलग सड़क हादसों में युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई। ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से चालक की मौके पर दबकर मौत हो गई तो दूसरी घटना में बाइक फिसलने से युवक की जान चली गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। सूचना पर पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना खन्ना के ग्राम मवईखुर्द निवासी सचिन सिंह (20) पुत्र जहान सिंह अपने साथी भुनेश (19) पुत्र अवधेश के साथ बाइक से कबरई आ रहा था, तभी कबरई में खनिज बैरियर के समीप सामने से आ रहे साइकिल सवार से बचने के चक्कर में बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इससे दोनों सड़क किनारे गिरकर घायल हो गए। पुलिस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने सचिन को मृत घोषित कर दिया, जबकि भुनेश का इलाज चल रहा है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे, इससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं और एक की जान चली गई।
अजनर प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम अरघटमऊ निवासी राकेश (40) पुत्र छक्कीलाल ट्रैक्टर चलाने का काम करता है। वह मध्यप्रदेश के टपरियन गांव बालू भरने जा रहा था, तभी तालाब के समीप ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें दबकर राकेश की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना से मृतक की पत्नी निधि व पुत्र छोटू (10) का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस जांच कर रही है।