-राजर्षि टंडन विवि ने अलग-अलग विषयों में स्नातकोत्तर व स्नातकोत्तर डिप्लोमा पर लगाई रोक
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से एमएससी न्यूट्रिशियन, एमएससी बायोकेमिस्ट्री और एमए होमसांइस का पाठ्यक्रम बंद कर दिए हैं। ऐसे में अब शहर के वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में संचालित राजर्षि टंडन विवि के अध्ययन केंद्र में इन तीन विषयों में छात्र-छात्राएं स्नातकोत्तर की पढ़ाई नहीं कर सकेंगे। इसको लेकर विश्वविद्यालय की ओर से निर्देश जारी किए हैं।
नई शिक्षा नीति के तहत पाठ्यक्रमों का अपग्रेडेशन होना जरूरी है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की ओर से राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय की ओर से संचालित एमएससी, न्यूट्रिशियन, एमएससी बायोकेमिस्ट्री व एमए होमसाइंस के पाठ्यक्रम बंद किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिस पर विश्वविद्यालय की ओर से पूरे प्रदेश में इन पाठ्यक्रमों पर रोक लगाई गई है। इसके अलावा करीब दस अलग-अलग विषयों में स्नातकोत्तर डिप्लोमा के पाठ्यक्रम पर भी रोक लगाई गई है। जिससे अब अध्ययन केंद्र में इन पाठ्यक्रमों में छात्र-छात्राओं को प्रवेश नहीं मिलेगा।
उधर, अध्ययन केंद्र के समन्वयक प्रो. प्रदीप कुमार ने बताया कि यूजीसी के निर्देश पर इन पाठ्यक्रमों पर राजर्षि टंडन यूनिवर्सिटी की ओर से पूरे प्रदेश में रोक लगाई गई है। नई शिक्षा नीति के अनुरूप अपग्रेडेशन होने के बाद ही इन पाठ्यक्रमों का दोबारा संचालन शुरू होगा।