महोबा/बेलाताल। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में पिता-पुत्र समेत नौ लोग घायल हो गए। एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हेलमेट न लगाए होने से बाइक सवारों के सिर पर गंभीर चोटें आईं हैं। चार की हालत नाजुक होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया।
बेलाताल निवासी राजा सिंह अपने पुत्र रंजीत के साथ बाइक से श्रीनगर से बेलाताल आ रहा था। तभी लमौरा गांव के समीप पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे पिता-पुत्र घायल हो गए। दोनों को सीएचसी जैतपुर पहुंचाया गया। रंजीत की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से झांसी रेफर किया गया। इसी तरह थाना महोबकंठ के रूरीकलां गांव निवासी मानसिंह बुधवार की सुबह गांव के ही मकसूद के साथ किसी कार्य से बाइक से महोबा आ रहा था। रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर से दोनों घायल हो गए। जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसी तरह करहइया हमीरपुर निवासी महेश, परसाहा निवासी पूजा, चरखारी निवासी अखिलेश, मामना निवासी भानसिंह व दमौरा निवासी बिटवा अन्य सड़क हादसों में घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से मानसिंह, मकसूद व भान सिंह की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया गया।