महोबा। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत शनिवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं। जिसमें विभिन्न कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। चित्रकला प्रतियोगिता में नसरा व निबंध में साक्षी ने बाजी मारी। विजेता प्रतिभागियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जीजीआईसी में जिला विद्यालय निरीक्षक सुरेश प्रताप सिंह, एआरटीओ सुरेश कुमार वर्मा, आरआई रोहित, यात्री कर अधिकारी आरके सिंह व प्रधानाचार्या सरगम खरे की देखरेख में प्रतियोगिताएं कराई गईं। सड़क सुरक्षा को लेकर विभिन्न कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने लोगों को जागरूक किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में जीजीआईसी की छात्रा नसरा ने बाजी मारी, जबकि पूजा को दूसरा और जीआईसी के छात्र विनोद को तीसरा स्थान मिला।
निबंध प्रतियोगिता में मानव कल्याण सेवा समिति इंटर कॉलेज की छात्रा साक्षी को पहला, जीआईसी के हरगोविंद को दूसरा व राजकीय हाईस्कूल सिजहरी के छात्र आलोक को तीसरा स्थान मिला। रंगोली प्रतियोगिता में जीजीआईसी की छात्रा निकिता अव्वल रहीं, जबकि जीआईसी के अशरफ शाह को दूसरा व राजकीय हाईस्कूल सिजहरी की छात्रा रेशमा को तीसरा स्थान मिला। निर्णायक मंडल में मीरा गुप्ता, नेहा, रोहिणी, रश्मि, सीता साहू, सीमा, रामकृपाल शामिल रहे। अधिकारियों ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।