महोबा। किसानों की समस्याओं को लेकर सपा लोहिया वाहिनी के पदाधिकारी आगे आए हैं। शनिवार को एक दर्जन कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इसमें अन्ना जानवरों से बर्बाद हुई फसल का मुआवजा दिलाने और खुले में घूम रहे अन्ना पशुओं को गोशाला मे बंद कराकर उनके खानपान की व्यवस्था कराने की मांग की है।
सपा लोहिया वाहिनी के पूर्व अध्यक्ष योगेश यादव, जिला महासचिव यश चौरसिया, अंकित, रमन सेन, सचिन कुमार वर्मा, प्रद्युम्न कुमार आदि कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंच विरोध जताया। इसके बाद अतिरिक्त एसडीएम देवेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपा। बताया कि बुंदेलखंड का अति पिछड़ा जिला महोबा दैवीय आपदाओं के प्रकोप से कराह रहा है, खेतों में लगी फसल अन्ना जानवर चट कर रहे हैं। दो दिन पहले तहसील कुलपहाड़ के मौजा बागौल व सुगिरा में अन्ना जानवरों ने किसानों की 60 बीघा में बोई गई फसल चट कर दी थी, इससे किसान भुखमरी की कगार पर पहुंच गए।
ज्ञापन में बताया कि जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत मे विशेष अभियान चलाकर अन्ना जानवरों को गोशाला में बंद करया जाए, ताकि फसल बच सके। उन्होंने अन्ना जानवरों से बर्बाद फसल का मुुआवजा दिलाने की मांग की है।