महोबा। प्रदेश की पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्यमंत्री कृष्णा पासवान भाजपा के सदर विधायक राकेश गोस्वामी के बड़े भाई कृष्णकुमार गोस्वामी के निधन होने पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचीं। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने सपा व कांग्रेस पर निशाना साधा। इस दौरान उनकी जुबान फिसल गई। उन्होंने गलती से कह दिया कि बच्चों का भविष्य खराब करने का काम पीडीए सरकार कर रही है। इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया में भी वायरल हो रहा है। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
राज्यमंत्री ने कहा कि सपा शासन में प्रदेश में बिजली और पानी की स्थिति खराब थी। योगी सरकार में सड़क, बिजली व पानी के साथ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना पर बड़े स्तर पर काम हुआ है। सरकार के विकास कार्यों का जवाब न होने कारण विपक्ष केवल पीडीए-पीडीए का नारा लगा रहा है। सड़कों के गड्ढों को लेकर विपक्ष के आरोपों पर राज्यमंत्री ने कहा कि गड्ढों वाली सड़कें सपा-कांग्रेस के शासनकाल में हुआ करती थीं। मौजूदा सरकार में सड़कों की स्थिति बेहतर हुई है। उन्होंने कांग्रेस पर छात्रों के प्रदर्शन में शामिल होकर माहौल खराब करने और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।