शहर में जागरुकता रैली निकालतीं छात्राएं।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। वीर भूमि राजकीय महाविद्यालय के सात दिवसीय एनएसएस शिविर के दूसरे दिन छात्राओं ने जागरुकता रैली निकाल बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। रैली के दौरान छात्राएं देवियों का वरदान है बेटी, धरती का अभिमान है बेटी, बेटी पढ़ेगी तो देश बढ़ेगा के नारे लगा रहीं थीं। छात्राओं ने लोगों को बेटियों के अधिकार बताए।
कॉलेज परिसर से शुरू हुई जागरुकता रैली विभिन्न मार्गों से गुजरी। भटीपुरा, शेखूनगर में छात्राओं ने रैली के दौरान घर-घर जाकर लड़का-लड़की में भेदभाव न रखने की अपील की।
कहा कि आज के दौर में महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। शिविर में राजनीति विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. एलसी अनुरागी ने कहा कि संविधान में सभी को अधिकार दिए गए हैं।
उन्होंने बुंदेलखंड क्षेत्र में संस्कृति व शिक्षा संबंधी अधिकारों की जानकारी दी। कहा कि जरूरत है सभी को अपने अधिकार पहचानने की। इसके बाद छात्राओं ने कॉलेज आकर स्वच्छता अभियान चलाया।
शिविर में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. संतोष पांडे, प्रो. मधुबाला सरोजिनी, डॉ. एसएस राजपूत, डॉ. सोवित कुमार गुप्ता, स्वयंसेवी छात्र व छात्राएं मौजूद रहीं।