-13 और 14 अगस्त को होंगे छात्र-छात्राओं के प्रवेश
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। शहर के वीरभूमि राजकीय महाविद्यालय में बीए प्रथम सेमेस्टर की आरक्षित वर्ग की मेरिट सूची जारी कर दी गई है। छात्र-छात्राएं 13 व 14 अगस्त को कॉलेज में उपस्थित होकर अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं।
वीरभूमि कॉलेज शहर का इकलौता राजकीय महाविद्यालय है। बीए प्रथम सेमेस्टर की ओपन वर्ग की पहली व दूसरी मेरिट सूची पूर्व में जारी की जा चुकी है। अब कॉलेज प्रशासन की ओर से आरक्षित वर्ग की मेरिट सूची जारी की गई है जिसमें ओबीसी वर्ग और एससी वर्ग के 45 फीसदी तक अंक वाले छात्र-छात्राओं के नाम शामिल हैं। इस मेरिट सूची के आधार पर छात्र-छात्राओं की प्रवेश प्रक्रिया 13 व 14 अगस्त को सुबह 11.30 से दोपहर 3.30 बजे तक होगी।
आवश्यक दस्तावेजों के साथ छात्र-छात्राएं कॉलेज में उपस्थित होकर अपनी प्रवेश प्रक्रिया पूरी करा सकते हैं। एम अर्थशास्त्र, एमकाॅम, बीएससी गणित, बीएससी बायोलॉजी और बीकॉम प्रथम सेमेस्टर में रिक्त सीटों पर सीधे प्रवेश नियमानुसार हो रहे हैं। कॉलेज के प्रोफेसर डाॅ. प्रदीप कुमार का कहना है कि छात्र कॉलेज में उपस्थित होकर प्रवेश ले सकते हैं।