महोबा। चित्रकूट धाम मंडल के कमिश्नर दिनेश कुमार सिंह व पुलिस महानिरीक्षक के. सत्यनारायण ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में अफसरों के साथ बैठक कर पंचायत चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। कहा कि प्रथम चरण के मतदान में 14 दिन का समय शेष है। अधिकारी पूरी ईमानदारी से जिम्मेदारी का निर्वहन करें। आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाए। पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि गांवों में किसी भी प्रकार का उपद्रव होने पर सीधे थानाध्यक्ष जिम्मेदार होंगे।
बैठक में कमिश्नर दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि मतदान कर्मियों को बेहतर प्रशिक्षण दिलाया जाए, इसमें खानापूर्ति न की जाए। उन्होंने मतदाता सूची प्रभारी आरएस वर्मा को निर्देश दिए कि प्रत्येक बक्से में सही मतदाता सूची भेजी जाए। उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि चुनाव शांतिपूर्ण कराने में लापरवाही न बरती जाए।
पुलिस महानिरीक्षक के. सत्यनारायण ने कहा कि सभी थानाध्यक्ष चुनाव को प्रभावित करने वाले लोगों को चिन्ह्ति कर कार्रवाई करें। आपराधिक इतिहास वाले लोगों को जिला बदर व हाउस अरेस्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि गांव में उपद्रव का सबसे बड़ा कारण शराब है, इस पर प्रतिबंध लगाया जाए। थानाध्यक्ष अपने क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटरों को प्रतिदिन थाने पर बुलाएं।
इस दौरान डीएम सत्येंद्र कुमार, एसपी अरुण श्रीवास्तव, सीडीओ डॉ. हरिचरन सिंह, एएसपी आरके गौतम के अलावा सभी सेक्टर व जोनल, प्रभारी अधिकारी, आरओ, एआरओ आदि मौजूद रहे।