कानपुर सागर हाईवे पर मंगलवार की रात सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से मारुति टकरा गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने मारुति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महोबा निवासी विजय उर्फ लल्ला (48) पुत्र भागवत प्रसाद मंगलवार को मारुति कार से चालक राजेश पुत्र तिजवा के साथ अपने गांव हमीरपुर जिले के बिमार थाना क्षेत्र आसुई गए थे। रात 10 बजे वापस घर लौटते समय चिचारा बस स्टैंड के समीप कार चालक ने नियंत्रण खो दिया।
जिससे मारुति सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने मारुति में टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद लोगों की मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। उन्होंने मारुति में फंसे चालक राजेश व विजय को बाहर निकाला, लेकिन तब तक विजय की मौत हो चुकी थी। राहगीरों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को देते हुए घायल चालक राजेश को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।