कुलपहाड़ (महोबा)। कस्बे के मोहल्ला गोविंदनगर में रविवार की रात विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव कमरे में फंदे पर लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। मृतका के पिता ने दहेज की मांग को लेकर बेटी को प्रताड़ित करने और पीटकर हत्या कर शव फंदे पर लटकाए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश के जनपद छतरपुर के पलेरा गांव निवासी राजू यादव ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि उसने बेटी दीपाली (23) की शादी दो दिसंबर 2024 को गोविंदनगर निवासी राहुल यादव के साथ की थी। शादी के समय भरपूर दान-दहेज दिया था लेकिन ससुरालीजन स्कॉर्पियो कार की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर दीपाली को प्रताड़ित किया जाने लगा। कई बार ससुराल पक्ष को समझाया गया लेकिन वह नहीं माने।
रात को सूचना दी गई कि बेटी ने फंदा लगा लिया है। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति व ससुरालीजनों ने दीपाली की हत्या की है। सूचना पर नायब तहसीलदार विकास गोयल ने पुलिस की मौजूदगी में जांच की। कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना की जांच कराई जा रही है।