महोबा। शहर के लवकुशनगर तिराहे के पास ई-रिक्शा पर सवार महिला के नकदी समेत चार लाख के जेवर दो महिलाओं ने पार कर दिए। पुलिस ने दोनों महिलाओं की तलाश की लेकिन उनका सुराग नहीं लगा।
कबरई निवासी नीतेंद्र सिंह की पत्नी रचना सिंह रिश्तेदारी में मध्यप्रदेश के बीना जा रही थीं। रोडवेज बस से बुधवार शाम महोबा आई। रोडवेज बस स्टैंड से ई-रिक्शा में प्राइवेट बस स्टैंड जा रही थी।
ई-रिक्शा में पहले से दो महिलाएं बैठीं थीं। छतरपुर रोड पर लवकुशनगर तिराहे के पास दोनों महिलाएं उतर गई। कुछ दूर जाने पर रचना सिंह ने बैग की चैन खुली देखी तो आशंका हुई। बैग खोलकर देखने पर रुपये व जेवर से भरा पर्स गायब था।
महिला के हो-हल्ला मचाने पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की लेकिन आरोपी महिलाओं का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ई-रिक्शा चालक से पूछताछ कर रही है। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।