चरखारी (महोबा)। कस्बा चरखारी में लड़ाई होने के बाद रूठकर पत्नी के मायके जाने से परेशान पति ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक के पिता का आरोप है कि बहू दो दिन पहले नकदी व जेवरात लेकर भाई के साथ मायके चली गई थी। मानसिक प्रताड़ना के चलते पुत्र ने यह कदम उठाया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
नवादा वार्ड निवासी बृजकिशोर (30) की शादी आठ माह पहले टोला राठ निवासी रोशनी के साथ हुई थी। 15 जून को पत्नी लड़ाई-झगड़ाकर कर मायके चली गई थी। इससे बृजकिशोर परेशान रहता था। शुक्रवार की रात बृजकिशोर ने कमरे में रस्सी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। मृतक के पिता मुन्नीलाल ने बताया कि शादी के बाद से ही बहू उसके पुत्र से लड़ाई-झगड़ा करती थी। इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। रात में फोन करके रोशनी ने पति से बात की। इसकेे बाद पुत्र ने आत्महत्या कर ली। पिता ने बहू पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल उमापति मिश्रा का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच कराई जा रही है। कार्रवाई की जाएगी।