कबरई(महोबा)। तालाब की भूमि पर कुछ नगर पंचायत कर्मी भी कब्जा कर रहे हैं। वह खुद पुराई कराकर भवन बनवा रहे हैं। सर्वोच्च न्यायालय के सख्त निर्देशों के बाद भी इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
कस्बे के विशाल नगर स्थित सैकड़ों वर्ष पुराने काशी तालाब पर कुछ नगर पंचायत कर्मी कब्जा कर रहे हैं। अवैध कब्जों व अतिक्रमण के चलते तालाब का अस्तित्व खत्म होने का खतरा हो गया है। तालाब की पुराई कराई जा रही है। अवैध कब्जे के विरोध में मुहल्ले के सैकड़ों लोगों ने एकत्र होकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया। अवैध निर्माण रोकने, तालाब को अतिक्रमण कराने, तालाब का सुंदरीकरण कराने की मांग की है। कस्बे के विशाल नगर निवासी इरफान खां, संतोष कुमार, अशोक सिंह, अभिषेक द्विवेदी, अनूप सिंह, सुबराती, गणेश, धनप्रसाद, आलोक गुप्ता, पुष्पेंद्र सोनी आदि ने गुरुवार को जिलाधिकारी मनोज कुमार को प्रार्थना पत्र दिया। बताया गया कि इस तालाब से मुहल्ले के लोगों के साथ ही जानवरों को भी साल भर पानी मिलता है। जिलाधिकारी ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।