पुलिस मुठभेड के बाद गिरफ्तार तीनों आरोपी।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। थाना महोबकंठ पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी के जेवरात, तमंचे व एक कार बरामद की गई है। मामले की जानकारी देते हुए सीओ कुलपहाड़ उमेश चंद्र ने बताया कि चोरों को मुठभेड़ कर पकड़ा गया है। उनके खिलाफ टीम पर हमले की भी रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बता दें कि पनवाड़ी ब्लॉक के महोबकंठ गांव निवासी इंद्रपाल सिंह के घर 13 दिसंबर की रात छत के रास्ते से घुसे चोरों ने बक्सों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवर पार किए थे। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही थी। बुधवार की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने महोबकंठ गांव की गोशाला के समीप बनी पुलिया के समीप दबिश दी। सीओ ने बताया कि पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग कर दी, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों के नाम अंशु उर्फ आशीष राजपूत निवासी मझगवां हमीरपुर, धीरेंद्र निवासी परा हमीरपुर व उमाशंकर निवासी अनघौरा चरखारी शामिल हैं। तीनों के पास से 550 रुपये, जेवर बरामद किए गए। पूछताछ में एक अन्य युवक धर्मेंद्र निवासी परा हमीरपुर का नाम प्रकाश में आया। सभी आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है।