चरखारी (महोबा)। महोबा-चरखारी मार्ग में सूपा तिराहे के समीप तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई जबकि पड़ोसी गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली चरखारी के बम्हौरी बेलदारन निवासी हरचरन की पत्नी विष्णु कुमारी (35) बुधवार को किसी कार्य से पड़ोसी सुरेश के साथ बाइक से महोबा आई थी। शाम को वापस लौटते समय सूपा तिराहे के समीप डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक काफी दूर तक घिसटते चली गई। जिससे विष्णु कुमारी की मौके पर मौत हो गई जबकि बाइक चला रहे सुरेश को गंभीर चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर डंपर को कब्जे में लिया है। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।