चरखारी (महोबा)। नगर उद्योग व्यापार मंडल चरखारी का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को संपन्न हुआ। इस मौके पर डीएम सत्येंद्र कुमार ने कहा कि चरखारी में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। मिनी वृंदावन के नाम से मशहूर धार्मिक नगरी को वृंदावन की तरह विकसित किया जाएगा। इसकी शुरुआत श्रीगुमान बिहारी मंदिर रायनपुर से की जाएगी। मंदिरों के बाहर एक पट्टिका लगाई जाएगी, जिसमें पूरी जानकारी होगी। जिससे बाहर से आने वाले लोग यहां के बारे में जानकारी कर सकें।
कस्बे की एक धरमशाला में आयोजित समारोह में डीएम ने कहा कि जय सागर तालाब के पास मालरोड बनाया जाएगा। तालाब के बीचों बीच म्यूजिक साउंड सिस्टम लगाया जाएगा। तालाब में शिकारा नाव भी चलेगी जिसका पर्यटक आनंद लेंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह सेंगर ने कहा कि पर्यटन की सुविधाएं बढ़ाएं इससे व्यापार को नई गति मिलेगी। वहीं इस मौके पर डीएम ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत, नगर पालिका अध्यक्ष मूलचंद्र अनुरागी, व्यापार मंडल के अध्यक्ष आनंद स्वरूप दमेले, महामंत्री कैलाश ताम्रकार, कोषाध्यक्ष अनिल सोनी, रामबाबू गुप्ता, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश गोस्वामी, हिमांशु खरे आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।