महोबा। गुरुवार की रात को हुई बारिश से जैतपुर के पीसीएफ केंद्र में ट्रैक्टरों में भरा चना भीग गया। बरसाती डालने के बाद भी चना के भीगने से केंद्र प्रभारी ने शुक्रवार को खरीद नहीं की। इससे किसान सारा दिन चने को सुखाने में जुटे रहे। समय से खरीद न होने की वजह से किसानों को नुकसान हुआ है।
जैतपुर के पीसीएफ क्रय केंद्र में कई-कई दिन तक बिक्री का नंबर न आने पर किसान क्रय केंद्र के मैदान में डेरा जमाए रहते हैं। तीन दिन से चने की बिक्री के लिए डेरा जमाए किसानों की गुरुवार तक बिक्री नहीं हो सकी और रात में तेज बारिश हो गई। आंधी से कई जगह बरसाती फट गई और ट्रैक्टर में रखा चना गीला हो गया। इससे शुक्रवार को होने वाली चने की बिक्री फिर टल गई। इससे किसानों में नाराजगी है।
किसानों ने बताया कि तीन दिन केंद्र में चना बेचने के लिए डेरा जमाए हैं। अब बारिश से चना भीग गया है और नमी आ गई है। अब उसे धूप दिखाई जा रही है। उधर, गोदाम प्रभारी दिनेश ने बताया कि जब तक चनों की नमी खत्म नहीं हो जाती। तब तक चने की खरीद करना संभव नहीं है। गोदाम में रखे चने के कुछ बोरे भी भीग गए हैं, जिन्हें सुखाया जा रहा है।