महोबा। कोतवाली क्षेत्र के पचहरा गांव शुक्रवार को नशेबाजी के विवाद में दो दोस्तों ने प्रवासी कामगार बृजेश कुशवाहा (30) की डंडों से पीटने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों से थाने में पूछताछ की जा रही है। बृजेश 15 दिन पहले ही दिल्ली से गांव आया था।
पचहरा गांव निवासी महादेव कुशवाहा का बेटा बृजेश दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था। लॉकडाउन के चलते काम बंद हो गया था। वह 15 दिन पहले वह गांव लौट आया था। शुक्रवार को बृजेश गांव में रहने वाले दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। नशेबाजी के दौरान उसका दोस्तों से किसी बात पर विवाद हो गया। झगड़ा बढ़ने पर आरोपियों ने बृजेश की डंडों से पिटाई कर दी। सिर पर डंडे लगने से वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद दोनों ने उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से भाग गए।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। मामले में बृजेश के भाई की तहरीर पर कोतवाली महोबा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने शाम को दबिश देकर आरोपी हर प्रसाद और ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी मणिलाल पाटीदार का कहना है कि शराब के नशे में आरोपियों और बृजेश में विवाद हुआ। इसके बाद आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। शनिवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।