महोबा। कबरई थानाक्षेत्र के मकरबई गांव में शुक्रवार को प्रेमिका से झगड़कर भूपेंद्र (25) ने खुद को गोली मार ली। सीने में गोली लगने से घायल भूपेंद्र को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसे झांसी मेडिकल कालेज कर दिया। घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंचे एएसपी ने मामले की जांच की। एएसपी ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग का है। मामले की जांच की जा रही है।
हमीरपुर जिले के छानी जखेड़ी गांव निवासी रामपाल का बेटा भूपेंद्र पांच साल से मकरबई गांव में मामा बाबूराम पाल के घर में रहकर पहाड़ में मजदूरी करता है। भूपेंद्र के मामी गांव की प्रधान हैं। बताया जा रहा है कि कई वर्षों से उसका एक रिश्तेदार युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। किसी बात को लेकर उसका प्रेमिका से विवाद हो गया। इसी से खफा होकर भूपेंद्र ने मामा के घर में तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली सीने को चीरते हुए आरपार हो गई। गोली की आवाज सुनकर परिजन दौड़ पड़े और उसे अस्पताल ले गए।