महोबा। जिले के सभी थानों की पुलिस अपने-अपने क्षेत्र में पैदल गश्त कर लोगों को कोरोना वायरस व सामाजिक दूरी के प्रति जागरूक कर रही है। शुक्रवार को भी पुलिसकर्मियों ने ऐसा ही किया। साथ ही सीओ चरखारी दिनेश यादव, एसडीएम चरखारी राजेश कुमार ने फोर्स के साथ पैदल गश्त कर लॉकडाउन का जायजा लिया। इस दौरान ड्रोन कैमरे से क्षेत्र की मैपिंग करते हुए गतिविधियों पर नजर रखी गई।
सीओ नगर जटाशंकर राव ने अंतर्राज्यीय सीमा पठा रोड का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां तैनात कर्मचारियों को जरूरी निर्देश दिए। पैदल गश्त के दौरान लोगों को बताया गया कि इस बीमारी की अभी कोई दवा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में कोरोना वायरस को लेकर साफ-सफाई रखें। हाथों को साबुन व सैनिटाइजर से साफ करते रहे। घर से बाहर निकलते समय मास्क का प्रयोग करने व सामाजिक दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए। सभी से सख्ती से लॉकडाउन का पालन करने की अपील की। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई का संदेश भी दिया। सोशल मीडिया पर गलत व भड़काऊ पोस्ट करने पर अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।