महोबा जिले में कस्बा कबरई के एक मोहल्ले में अनुसूचित जाति की 58 वर्षीय महिला को एक युवक ने अगवाकर और बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद उसके नाजुक अंग में मिर्च पाउडर डालकर फरार हो गया। रविवार की सुबह घर से 200 मीटर की दूरी पर झोपड़ी में हाथ-पैर बंधी अचेत मिली महिला को देखकर सभासद ने पुलिस को सूचना दी।
अपर एसपी व सीओ ने मौके पर पहुंच जांच की और उसे जिला महिला अस्पताल भेजा। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक भारत कुशवाहा के खिलाफ दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है।
रविवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे वार्ड सभासद रवि कुमार ने यूपी 112 व थाना पुलिस को सूचना दी कि एक महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई है। सूचना पर थानाध्यक्ष दिनेश सिंह महिला पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे तो देखा कि महिला के हाथ-पैर व गले में रस्सी बंधी थी।
कपड़े दूर पड़े थे। सांसें चलती मिलने पर पुलिस ने महिला को तत्काल महिला जिला अस्पताल भेजा। सूचना पर अपर एसपी आरके गौतम, सीओ रामप्रवेश राय घटनास्थल पहुंच गए। अधिकारियों ने परिजनों व पड़ोसियों से जानकारी ली।