फोटो 07 एमएएचपी 13 परिचय-डिपो के वर्कशॉप में खड़ी महोबा-मुस्करा रोडवेज बस। संवाद
= रोडवेज का कारनामा, महोबा-मुस्करा बस के टायर निकाल कर दूसरी बस में लगाए
फोटो 07 एमएएचपी 13 परिचय-डिपो के वर्कशॉप में खड़ी महोबा-मुस्करा रोडवेज बस। संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के महोबा डिपो प्रबंधन की मनमानी यात्रियों की परेशानी का सबब बन गई है। महोबा-मुस्करा रूट पर संचालित बस के टायर निकाल कर दूसरी बस में लगा दिए गए। इससे महोबा-मुस्करा बस सेवा का संचालन पिछले सात दिन से ठप है। बिना टायर की बस रोडवेज के वर्कशॉप में खड़ी है।
महोबा से मुस्करा के लिए रोडवेज बस के संचालन का समय सुबह सात बजे निर्धारित है। इस बस से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री करहरा, चरखारी, खरेला, मुस्करा आदि स्थानों के लिए सफर करते हैं। सात दिन पहले इस बस के तीन टायर निकाल कर कानपुर रूट पर चलने वाली एसी बस में लगा दिए गए। इससे महोबा-मुस्करा रूट पर चलने वाली बस का संचालन पूरी तरह ठप हो गया है। यह बस रोडवेज के वर्कशॉप पर खड़ी है। मुस्करा रूट पर बस सेवा का संचालन सुबह सात बजे न होने से यात्रियों में परेशानी हो रही है।
यात्री हरेंद्र, विमल, रोहित आदि का कहना है कि रोडवेज प्रबंधन ने महोबा-मुस्करा रूट की बस का संचालन बंद कर दिया है। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। जल्द ही इस बस संचालन शुरू होना चाहिए। रोडवेज महोबा डिपो प्रभारी प्रवीण कुमार का कहना है कि कानपुर एसी बस के छोटे टायर खराब थे। जिसमें महोबा-मुस्करा की बस के तीन छोटे टायर निकाल कर कानपुर रूट की एसी बस में लगा दिए गए हैं। टायर न होने से महोबा-मुस्करा बस का संचालन नहीं हो पा रहा है। टायर की मांग निगम मुख्यालय से की गई है। टायर आने के बाद ही महोबा-मुस्करा बस का संचालन शुरू हो सकेगा।