आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन वितरित करते सदर विधायक।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। विस चुनाव से पहले प्रदेश सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को हाइटेक कर रही है। इससे आंगनबाड़ी कार्यक्रम के साथ योजनाओं में पारदर्शिता आएगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता स्मार्टफोन से मौके से ही डाटा अपलोड कर सकेंगी। बाल विकास परियोजना कबरई व शहरी की 274 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन बांटे।
बुधवार को जिला सेवायोजन सभागार में 274 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने स्मार्टफोन बांटे। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी व सीडीओ डॉ. हरिचरन सिंह मौजूद रहे। सदर विधायक ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन में डाउनलोड पोषण ट्रैकर एप के माध्यम से अतिकुपोषित बच्चों की पोषण श्रेणी में सुधार में सहायता मिलेगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी केशरीनंदन तिवारी ने बताया कि जिले में 768 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्मार्ट फोन बांटो जाना है।
स्मार्टफोन में पोषण ट्रैकर एप डाउनलोड है, जिसमें आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत छह माह से तीन वर्ष के बच्चों, तीन से छह वर्ष के बच्चों, गर्भवती, धात्री माताओं व अतिकुपोषित (सैम) श्रेणी के पांच वर्ष तक के बच्चों तथा 11 से 14 वर्ष की किशोरी बालिकाओं की फीडिंग व ट्रैकिंग की जानी है।