महोबा। फर्जी तरीके से दिव्यांग की भूमि बेच देने और शिकायत पर कार्रवाई न होने पर परिवार समेत दिव्यांग का आमरण अनशन 11वें दिन भी जारी रहा। शनिवार को तहसीलदार बालकृष्ण सिंह अनशन स्थल पहुंचे और कार्रवाई का भरोसा दिया। पीड़ित दोषियों पर रिपोर्ट दर्ज कराने और फर्जी तरीके से बेची गई भूमि को निरस्त न कराए जाने तक अनशन जारी रखने की मांग पर अड़ा है।
सदर तहसील परिसर में दिव्यांग भूषण, उसकी पत्नी दयावती, बच्चे सूरज और रामसखी 19 अप्रैल से आमरण अनशन पर बैठे हैं। भूषण का आरोप है कि एक महिला ने फर्जी तरीके से अभिलेख तैयार कराकर उसकी भूमि बेच दी। अधिकारियों से कई बार शिकायत की लेकिन न्याय नहीं मिला। तहसील में 11 दिन से आमरण अनशन पर बैठे भूषण ने बताया कि अभी तक कोई भी बड़ा अधिकारी अनशन स्थल पर नहीं आया।