चरखारी (महोबा)। तहसील प्रशासन ने बृहस्पतिवार को जतौरा व रिवई गांव में बैंक ऋण और राजस्व बकाया वसूली अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की। ऋण की वसूली के लिए उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक रिवई व चरखारी शाखा की ओर से चार बड़े ऋण खाताधारकों की बंधक भूमि पर कुर्की की कार्रवाई की गई।
नायब तहसीलदार पीयूष साहू के आदेश पर राजस्व कर्मियों और पुलिस की मौजूदगी में यह कार्रवाई हुई। इस कार्रवाई के बाद संबंधित भूमि के हस्तांतरण, बिक्री, दान व किसी भी प्रकार के प्रभार अर्जित करने पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई। शाखा प्रबंधक रिवई कामता प्रसाद ने बताया कि जतौरा गांव निवासी किशोर, महिपाल, रिवई निवासी बलबीर और चंद्रभान ने किसान कार्ड बनवाया था। बकाया जमा कराने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए लेकिन भुगतान नहीं किया गया। कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के उप क्षेत्रीय प्रबंधक मनीष चतुर्वेदी, वरिष्ठ प्रबंधक सत्यम गुप्ता, अनूप दिवाकर, दिनेश कुमार, दीपक कुशवाहा, रवि, केशव, सत्येंद्र सिंह यादव, सुरक्षाकर्मी जयहिंद सिंह, सहायक प्रबंधक अवनीश आदि मौजूद रहे।